चीनी चालबाजी से हालात बिगड़ने के बाद भारत-नेपाल की खुली सीमा पर एसएसबी व पुलिस का पहरा कड़ा हो गया है। संयुक्त टीम घने जंगलों में नेपाल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्त कर रही है। एसएसबी ने सीमावर्ती ग्रामीणों को सतर्क किया है। कहा है कि छोटी से छोटी घटना की जानकारी एसएसबी से साझा करें। फिलहाल नेपाल सीमा पर पूरी तरह शांति बहाल है। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
भारत ने पूर्वी लद्दाख में बीते चार माह के बीच एलएसी पर चल रही तनातनी को लेकर सीधे चीन को जिम्मेदार ठहराया है। गतिरोध दूर न होता देख गृह मंत्रालय ने नेपाल सीमा पर भी हाई अलर्ट जारी किया है। बताया जाता है कि गृह मंत्रालय ने एसएसबी, पुलिस व खुफिया तंत्र को नेपाल पर नजर रखने की बात कही है। कहा गया है कि नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में कोई बेजा हरकत कर सकता है। बलरामपुर में नेपाल राष्ट्र की 67 किलोमीटर खुली सीमा है। लाकडाउन के बाद से दोनों देशों के बीच आम नागरिकों की आवाजाही न के बराबर है। नेपाल ने अपने अधिकांश प्रवेश द्वार बंद कर रखे हैं।
बताया जाता है कि नेपाल ने जुलाई माह के अंतिम सप्ताह तक सीमा पर सेना की तैनाती कुछ-कुछ दूरी पर कर रखी थी। नाम दिया गया था कि कोरोना काल में कोई भी भारतीय नेपाल सीमा में प्रवेश न करे, इसलिए सेना लगाई है। बताते हैं कि फिलहाल इस समय नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है। भारत व नेपाल के बीच रोटी-बेटी का पुराना सम्बन्ध रहा है। नेपाली सेना हटने के बाद सीमावर्ती गांव में आवाजाही शुरू हुई थी लेकिन शुक्रवार को एसएसबी ने सीमा पार जाने पर रोक लगा दी है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में शुरू हुई पेट्रोलिंग
शुक्रवार को एसएसबी व पुलिस टीम ने नेपाल सीमा स्थित सोहेलवा जंगलों में संयुक्त रूप से गश्त की। सीमा की कड़ी निगरानी शुरू की। एसएसबी 50वीं बटालियन त्रिलोकपुर के सब इंस्पेक्टर भागमल ने बताया कि सेनानायक रमन श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जवान अलर्ट पर हैं। बलरामपुर जिले में त्रिलोकपुर, मझगवा, बेलभरिया, गिधवा, कंचनपुर, छोटका भुकरवा, भौरीसाल, डेरवा व नरिहवा बार्डर चौकी पर पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। ग्रामीणों को चौकसी बरतने की हिदायत दी गई है। कहा कि सीमा पर कड़ी नजर रखें। यदि कोई हरकत होती है तो उसकी सूचना एसएसबी से साझा करें। ग्रामीणों ने एसएसबी के समक्ष हामी भरी। हालांकि नेपाल राष्ट्र में इन दिनों कोरोना महामारी प्रसार रोकने को लेकर कर्फ्यू लगा हुआ है। सुबह शाम दो घंटे बाजार खुलने की इजाजत है। फिर भी सभी को सतर्क रहने की बात कही गई है।