कोरोना संक्रमितों की संख्या में हर रोज इजाफा हो रहा है। हालांकि इसके बाद भी लोग बगैर मास्क के शहर व सड़कों पर घुमते नजर आ रहे हैं। सोमवार को 77 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली, जबकि 47 स्वस्थ होकर सामान्य दिनचर्या में जुट गये।
पिछले दो-तीन महीनों से कोरोना का संक्रमण शहर से गांव-देहात तक पांव पसार चुका है। कई गांव ऐसे हैं जहां के दर्जनों तथा एक ही परिवार के कई लोग संक्रमित हो चुके है। शहर का शायद ही कोई ऐसा मुहल्ला होगा जहां पर कोरोना का संक्रमण नहीं मिला होगा। हालांकि इसके बाद लोग जिला प्रशासन की अपील को दरकिनार करते हुए बगैर मास्क घरों से बाहर निकल रहे हैं। शहर दुकानों व कार्यालयों में भी सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 73870 लोगों की सैम्पलिंग हो चुकी है जिनमें से 4218 लोग पॉजिटव मिल चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि लगभग 3711 लोग बीमारी को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 53 लोगों की जान जा चुकी है। वर्तमान समय में महज 463 रोगी पूरे जनपद में एक्टिव है। इनमें से 44 का इलाज एल-1 अस्पताल फेफना में चल रहा है। संक्रमितों में 15 जेल के कैदी है जिन्हें जेल आइसोलेशन में समान्य कैदियों से अलग रखा गया है।