सालारपुर ब्लॉक की क्षेत्र पंचायत बैठक में 5.85 करोड़ के विकास कार्यो का प्रस्ताव पास हो गया। इस बजट से ग्राम पंचायतों में जलभराव से निजात के लिए विकास कार्य कराए जायेंगे। समुदायिक शौचालयों का निर्माण होगा। यात्री शेड निर्माण के अलावा अन्य विकास कार्य भी कराये जायेंगे।
बुधवार को सालारपुर ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख अशोक वर्मा की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक की गई। बैठक का कोरम पूर्ण होने के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने 5.85 करोड़ के प्रस्ताव पेश किए। सभी की सहमति पर पेश किए गए प्रस्ताव पास कर दिए।
राम सागर यादव डिप्टी कमिश्नर मनरेगा/बीडीओ ने अब तक कराये गये कार्यों के बारें में सभी को अवगत कराया। विजय लक्ष्मी बाल विकास परियोजना अधिकारी, पशुपालन विभाग के डॉ. संजीव, बीईओ अजय कुमार ने अपने विभाग में संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। बैठक का संचालन खालिद अली खान एडीओ पंचायत ने किया। आकाश सक्सेना, बृजपाल सिंह मौजूद थे।