देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अहिरौला खिजीरपुर गांव से चार दिन पूर्व लापता 17 वर्षीय किशोर का शव गुरुवार की रात मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के परसोना गांव के पास गांगी नदी में मिला। सिर में गोली मारकर किशोर की हत्या की गई थी। परिजनों ने 11 लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। तीन आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना में 16 साल पूर्व हुई एक हत्या को लेकर रंजिश बताई जा रही है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली खिजीरपुर गांव निवासी राम लाल राजभर उर्फ बबलू राजभर का बड़ा पुत्र 17 वर्षीय सागर राजभर सोमवार की शाम लगभग पांच बजे एक बोतल पानी लेकर गांव के किसी लड़के के साथ गया। रात आठ बजे तक वापस नहीं आया तो घर वालों ने खोजना शुरू किया। अगले दिन भी सुबह तक घर नहीं आने पर पिता बबलू राजभर ने देवगांव कोतवाली में मौखिक सूचना दी। इस पर पुलिस ने कहा कि तलाश की जा रही है। इस बीच गुरूवार को घर से दो किलोमीटर दूर सिवान में उसका चप्पल मिला । बगल में खून के निशान भी पाए गए। सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली पुलिस खोजी कुत्तिया को लेकर पहुंची। चप्पल व खून के निशान से तीन सौ मीटर दूर जाकर पोखरे के पास कुत्तिया वापस हो गई । रात करीब नौ बजे मेंहनाजपुर थाना के परसोना गांव के पास गागी नदी में युवक का शव मिला। मेंहजानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शव मिलने की सूचना पर मृतक के परिजन मौके पहुंच कर पहचान की। मृतक तीन भाई एक बहन में तीसरे स्थान पर था। घटना के बाद से परिवार में कोहरा मचा है। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 2004 में हुई एक हत्या में कुछ लोगों को आजीवन कारावास की सजा हुई है। उसी की रंजिश में किशोर की हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। पिता की तहरीर पर 11 लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।