1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय के पास मिला वृद्ध का जला हुआ शव

निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय के पास मिला वृद्ध का जला हुआ शव

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय के पास मिला वृद्ध का जला हुआ शव

अमेठी में कोतवाली क्षेत्र गौरीगंज के उत्तरगांव मजरे बस्तीदेई में शनिवार  की सुबह गांव निवासी वृद्ध का शव निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय के पास जला हुआ मिला। मृतक के पुत्र की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मौके पर पहुंचे एसपी ने मामले के जल्द से जल्द खुलासे के निर्देश दिए। गांव में कई थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है।

उत्तरगांव निवासी 65 वर्षीय रामप्रसाद सरोज पुत्र ननकू का जला हुआ शव गांव के बाहर बने उनके मकान के करीब बन रहे सार्वजनिक शौचालय के पास मिला। जिसकी जानकारी होते ही मौके पर परिजनों के साथ ही ग्रामीणों की भीड़ पहुंच गई। मृतक के पुत्र राजेश कुमार ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ ही आस पास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

सीओ अर्पित कपूर व एएसपी दयाराम सरोज के साथ एसपी दिनेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना के सम्बन्ध में मृतक के परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक गौरीगंज के साथ ही एसओजी टीम को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और घटना के शामिल लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।

दो डाक्टरों के पैनल से कराया जाएगा पोस्टमार्टम
घटना की गंभीरता को देखते हुए शव के पोस्टमार्टम के लिए सीएमओ डा. आरएम श्रीवास्तव ने दो डाक्टरों का पैनल गठित किया है। साथ ही पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया है।

छह के विरुद्ध दी तहरीर
मृतक रामप्रसाद के पुत्र राजेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में वर्तमान प्रधान राजाराम, पूर्व प्रधान पवन उपाध्याय के साथ ही चार अन्य लोगों को नामजद करते हुए पिता की जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

सार्वजनिक शौचालय निर्माण का विरोध कर रहा था मृतक
मृतक रामप्रसाद का एक मकान गांव में है। वहीं गांव के बाहर उसे आवासीय पट्टा मिला था। जिस पर उसने मकान का निर्माण किया है। इसी मकान से सटी उत्तर बगल लगभग एक बिस्वा जमीन ग्राम समाज की है। जिस पर रामप्रसाद ने आम, नीम, अमरूद आदि के पौधे लगाकर चारों तरफ से तार से बाड़बंदी कर दिया था। इसी ग्राम समाज की जमीन पर ग्राम पंचायत द्वारा सार्वजनिक शौचालय मंजूर कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

शौचालय की दीवाल रामप्रसाद के मकान से दस फिट दूरी पर ही बनाई जा रही है। जिसका रामप्रसाद व उसके पुत्र विरोध कर रहे हैं। मृतक के पुत्र राजेश ने एक दिन पहले शुक्रवार को डीएम की जनसुनवाई में शौचालय निर्माण रोकवाए जाने का अनुरोध करते हुए प्रार्थना पत्र भी दिया था। शनिवार को ही रामप्रसाद का जला हुआ शव मिलने से परिजनों में हाहाकार मच गया।

मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...