1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जनप्रतिनिधियों से तालमेल कर कराएं विकास के कार्य : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

जनप्रतिनिधियों से तालमेल कर कराएं विकास के कार्य : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
जनप्रतिनिधियों से तालमेल कर कराएं विकास के कार्य : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने जनहित से जुड़े विकास  कार्यों को पूरी तत्परता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों को भी विश्वास में लेकर उनके सामन्यजस्य से काम कराए जाएं। शासन की नीतियों का लाभ जनता तक पहुंचे। काम होता दिखना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, टाइमलाइन और मानक का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिलान्यास व लोकार्पण का काम अधिकारी खुद के बजाए जनप्रतिनिधियों से कराएं। मुख्यमंत्री ने यह बात  वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंगलवार को अलीगढ़ मंडल में विकास कार्यों की समीक्षा  बैठक में कही।

जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर कार्य करें अधिकारी:

मुख्यमंत्री  ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सभी विकास कार्यों के साथ जनप्रतिनिधियों की संबद्धता अवश्य रहे। कोई भी प्रशासकीय अधिकारी शिलान्यास अथवा लोकार्पण का कार्य न करे, यह समस्त कार्य जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्पन्न कराया जाए। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने ऐसे निर्देश  हाल के दिनों में पार्टी विधायकों द्वारा डीएम और एसपी के रवैये पर नाराज़गी जताए जाने के कई प्रकरण सामने आने के मद्देनज़र दिए हैं।

मुख्यमंत्री  ने अलीगढ़ में प्रस्तावित राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना को शासन की शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े कोई भी प्रस्ताव लंबित न रखा जाएं।

सीएम ने अलीगढ़ के मंडलायुक्त एवं अलीगढ़, हाथरस, कासगंज और एटा के जिलाधिकारियों से  विभिन्न शासकीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए। इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता बरते जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी। निर्णय लेने में अनावश्यक देरी न करें अधिकारी: मुख्यमंत्री  ने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता आवश्यक है। इसलिए इससे जुड़े प्रकरणों में तत्काल निर्णय लेते हुए समाधान निकाला जाए।  विभिन्न जनप्रतिनिधियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कार्य की टाइमलाइन तय की जाए।  70 फीसद कार्य पूर्ण होने पर स्थानीय प्रशासन शासन को उपयोगिता प्रमाण पत्र भेजे। टाइम लाइन के अनुसार विकास कार्य पूरे किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एटा के प्रसिद्ध सोरों क्षेत्र के लिए पर्यटन विकास की ठोस कार्ययोजना बनाएं। सड़कों की गड्ढा मुक्ति का अभियान प्रारंभ करें। अलीगढ़ स्मार्ट सिटी परियोजना की समीक्षा भी की गई। एटा में नगर सीवरेज योजना और अलीगढ़ पुनर्गठन पेयजल योजना को मार्च 2021 तक पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री  ने एटा में निर्माणाधीन 100 शैय्या वाले मैटरनिटी विंग के निर्माण में विलम्ब न होने के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही एटा के तरगंवा में राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य दिसम्बर 2020 तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...