रतलाम जिले के शिवगढ़ क्षेत्र के पास उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब औद्योगिक क्षेत्र के लिए बनाई जा रही सड़क का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक आंदोलनकारियों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।