1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी एंटी करप्शन ने लेखपाल को दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा

यूपी एंटी करप्शन ने लेखपाल को दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
यूपी एंटी करप्शन ने लेखपाल को दस हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा

उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद जनपद के भोजपुर क्षेत्र में एक लेखपाल नेमपाल सिंह को एंटीकरप्शन टीम ने किसान से फौती दर्ज करने के लिए 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

मोहल्ला घासमंडी निवासी किसान वसीम अहमद पुत्र यामीन के अविवाहित भाई मोहम्मद रफी की पांच वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है।

किसान की मां शायदा बेगम की भी 42 दिन पहले मौत हो गई थी। मां और भाई के नाम खतौनी में करीब डेढ़ एकड़ खेती की जमीन है। किसान ने 2 अक्टूबर को भाई और मां की जगह खतौनी में फौती दर्ज कराने के लिए हल्का लेखपाल नेमपाल सिंह से संपर्क किया।

लेखपाल ने किसान से बीस हजार रुपए की मांग की। किसान मां की बीमारी में पैसा खर्च होने की बात कहकर गिड़गिड़ाता रहा पर लेखपाल पर कोई असर नही पड़ा।

इस पर किसान ने मुरादाबाद के एंटीकरप्शन टीम के प्रभारी विक्रम सिंह से संपर्क किया। उसके बाद किसान और लेखपाल में 10हजार रुपए में सौदा हो गया। सोमवार को थाने के पीछे पहलवान के फर्नीचर के शोरूम पर लेखपाल ने किसान को पैसे लेकर बुला लिया।

किसान ने जैसे ही लेखपाल को दस हजार रुपए दिये उसी समय ईर्द गिर्द खड़े एंटीकरप्शन टीम के सदस्यों ने लेखपाल को दस हजार रुपए सहित रंगे हाथों दबोच लिया और थाने में ले जाकर हाथ धुलवाने के बाद एफआईआर दर्ज कर पुलिस के हवाले कर दिया।

 

एंटी करप्शन के सीओ रजाक अली के निर्देशन में एंटी करप्शन टीम प्रभारी विक्रम सिंह, इंस्पेक्टर उदल सिंह,इंस्पेक्टर राखी चौधरी, एचसी विजय कुमार,एचसी सरस्वती मिश्रा,एवं चालक स्वराज सिंह शामिल रहे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...