मनोहर सिंह मण्डलोई के निर्देशन में टीकमगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र मजबूत करने और अवैध कार्यों में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह और एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में पलेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर छह लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6,900 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। पुलिस ने सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना पलेरा में अपराध क्रमांक 181/26 के तहत जुआ एक्ट की धारा 13 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति भार्गव सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने टीम की कार्रवाई को प्रभावी और सराहनीय बताया।