उज्जैन के प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर के सामने मंगलवार सुबह एक बड़ा अग्निकांड हो गया। सुबह करीब 5 बजे मंदिर परिसर के सामने स्थित एक दुकान में आग लगने के बाद देखते ही देखते आसपास की अन्य दुकानों तक लपटें पहुंच गईं। आग की चपेट में आने से पूजन सामग्री की चार दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकानों में बड़ी मात्रा में पूजन सामग्री और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। इसी कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने लगभग एक घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग की लपटें पास स्थित एक पेड़ तक पहुंच गई थीं, लेकिन समय रहते उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
काल भैरव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। राहत की बात यह रही कि आग सुबह उस समय लगी जब मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं थी। यदि यह घटना दर्शन के व्यस्त समय में होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

दमकल विभाग के कर्मचारी अंकित राजपूत ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है और सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए पड़ताल जारी है।
इस आगजनी की घटना में दुकानों में रखा पूजन सामग्री का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार प्रभावित दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।