उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार शाम एक विवाद ने सनसनी फैला दी। आरोप है कि दो युवक अवैध पिस्टल लेकर गांव पहुंचे और एक युवक को धमकाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यह घटना कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के राखूखोर गांव की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक बाइक से गांव पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक पर पिस्टल तान दी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए दोनों को पकड़ लिया, उनके कब्जे से हथियार छीन लिया और पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब पांच दिन पहले गांव की एक किशोरी से कथित बातचीत को लेकर राखूखोर निवासी रिक्की चौधरी और बबलू चौधरी का गुरम निवासी दीपांकर सिंह तथा फरदहनी निवासी शिखर द्विवेदी उर्फ प्रांजल के साथ स्कूल के पास विवाद और मारपीट हुई थी। पुलिस इसी पुराने विवाद को ताजा घटना की वजह मानकर जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही कैंपियरगंज पुलिस, पीआरवी-112 और अन्य पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की। मामले में कैंपियरगंज थाने में मुकदमा संख्या 396/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि बरामद अवैध पिस्टल का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक घटना में तो नहीं हुआ। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।