कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन बुधवार को 7वें दिन भी जारी रहा। इस ही बीच कृषि कानूनों और किसान आंदोलन के मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार सीएम अमरिंदर सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मुलाकात सुबह 10.30 बजे बजे के बीच होगी। कैप्टन अमरिंदर सिंह सुबह 8 बजे चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बता दें कि केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल जारी है। दिल्ली बॉर्डर पर किसान पिछले सात दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। वे कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। किसान केंद्र सरकार के इन कानूनों को काला कानून बता रहे हैं।
वहीं, सरकार किसानों को समझाने में जुटी है। लंबे घमासान के बाद मंगलवार को सरकार और किसान नेताओं की बातचीत हुई। हालांकि, ये बातचीत बेनतीजा रही और गुरुवार को फिर एक बार सरकार और किसानों की मुलाकात है। ये चौथे चरण की बातचीत होगी। हर किसी की नजर आज होनी वाली इस बातचीत पर होगी।
इससे पहले मंगलवार की बैठक में किसानों से बातचीत के दौरान सरकार ने कृषि कानूनों पर चर्चा के लिए समिति बनाने का सुझाव रखा, लेकिन किसानों ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसान संगठनों से कहा कि 4 से 5 नाम अपने संगठन से दें। एक समिति बना देते है जिसमें सरकार के लोग भी होंगे, कृषि एक्सपर्ट भी होंगे, नए कृषि कानून पर चर्चा करेंगे।
किसानों ने सरकार के इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इससे पहले सरकार की ओर से एमएसपी और एपीएमसी एक्ट पर किसान प्रतिनिधियों के सामने प्रजेंटेशन दिया गया था।
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और रेल मंत्री पीयूष गोयल, जो मंगलवार को किसानों को मनाने में नाकाम रहे थे, वो बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह से उनके घर पर मिले। दोनों मंत्रियों ने मंगलवार को किसानों से हुई बातचीत का अपडेट शाह को दिया।