1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. लौह पुरुष सरदार पटेल की 70वीं पुण्यतिथि आज, पीएम मोदी और अमित शाह ने किया नमन

लौह पुरुष सरदार पटेल की 70वीं पुण्यतिथि आज, पीएम मोदी और अमित शाह ने किया नमन

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
लौह पुरुष सरदार पटेल की 70वीं पुण्यतिथि आज, पीएम मोदी और अमित शाह ने किया नमन

आज लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 70वीं पुण्यतिथि है। पटेल का जन्म 31 अक्टूबर, 1875 को गुजरात के नाडियाड में हुआ था। पीएम मोदी ने देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को मंगलवार को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया और कहा कि ‘लौह पुरुष’ के दिखाए मार्ग देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

पीएम नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा- सशक्त, सुदृढ़ और समृद्ध भारत की नींव रखने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। उनके दिखाए मार्ग हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने के लिए सदा प्रेरित करते रहेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी सरदार पटेल को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया है। अमित शाह ने एक ट्वीट में लिखा- सरदार पटेल जी का जीवन और व्यक्तित्व इतना विराट है, जिसे शब्दों में पिरो पाना संभव नहीं है। उन्होंने आगे लिखा कि सरदार साहब भारत की एकता और शक्ति के प्रतीक हैं, उन्होंने जटिल से जटिल समस्याओं का समाधान कर एक अखंड भारत को आकार दिया। उनका दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र समर्पण सदैव हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।

जेपी नड्डा ने ट्वीट करके लिखा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले स्वतंत्र भारत के शिल्पी ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत् शत् नमन। सरदार पटेल जी की नि:स्वार्थ देशभक्ति और दृढ़ संकल्प-शक्ति हम सभी के लिए प्रेरणीय है।

असम के शिक्षा मंत्री हेमंत विस्वा शर्मा ने भी सरदार पटेल को उनकी जयंती पर याद किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा- वह एक नेता और एक दूरदर्शी समानता थी। उन्होंने एक जीवंत और एकजुट भारत बनाने के लिए अपनी ताकत उधार दी। हम हमेशा उनके योगदान के लिए सरदार पटेल के ऋणी रहेंगे। भारत रत्न, सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर कोटिश: नमन।

आप को बता दे कि भारत रत्न से सम्मानित सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 15 दिसंबर सन् 1950 को अंतिम सांस ली थी। देश की एकता और अखंडता में उनके योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए गुजरात के अहमदाबाद में नर्मदा नदी के पास उनकी विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। इसे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के नाम से जाना जाता है। ऐसा दावा है कि यह दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है।

सरदार पटेल भारत के पहले गृहमंत्री थे और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण का श्रेय उनकी सियासी और कूटनीतिक क्षमता को दिया जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पटेल की याद में गुजरात के केवडिया में उनकी एक आदमकद प्रतिमा स्थापति करने में अहम भूमिका निभाई। यह दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...