नीतीश कुमार आज बिहार के 37वें मुख्यमंत्री के तौर पर 7वीं बार शपथ लेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक यह कार्यक्रम शाम साढ़े चार बजे होगा।
कल एनडीए विधायक दल की मीटिंग में नितीश कुमार को सर्व सम्मति से नेता चुन लिया गया और उन्हें ही अगला सीएम बनाने की घोषणा की गई।
इसके बाद कल नीतीश ने राज्यपाल फागू चौहान से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। हालांकि, उपमुख्यमंत्री पद को लेकर सुशील कुमार मोदी के नाम पर संशय कायम है।
वहीं, बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में कटिहार से विधायक तारकिशोर प्रसाद को बीजेपी विधानमंडल दल का नेता और बेतिया से विधायक रेणु देवी को उपनेता चुना गया।
इसकी जानकारी खुद केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने दी थी और माना जा रहा है कि प्रसाद और रेणु देवी को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की पूरी संभावना है।
भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे ४० वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा।आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूँगा।कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) November 15, 2020
इसी बीच बीजेपी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का एक ट्वीट वायरल हो रहा है। इस ट्वीट में उन्होंने अपने एक समर्पित कार्यकर्त्ता होने की बात कही है।
उन्होंने लिखा, बीजेपी और संघ परिवार ने मुझे काफी कुछ दिया और आगे भी जो जिम्मेदारी मिलेगी उसका निर्वहन करूंगा. कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।
सुशील मोदी के बयान पर बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा, आदरणीय सुशील जी आप नेता हैं, उप मुख्यमंत्री का पद आपके पास था, आगे भी आप भाजपा के नेता रहेंगे ,पद से कोई छोटा बड़ा नहीं होता।
हाल में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में रोमांचक मुकाबले में एनडीए गठबंधन को 125 सीटें हासिल हुईं, जबकि विपक्षी महागठबंधन को 110 सीटें मिली हैं।
एनडीए में बीजेपी को 74 सीटें, जडी(यू) को 43, हम और वीआईपी को चार-चार सीटें मिली हैं. साल 2015 के विधानसभा चुनावों में जडी(यू) को 71 सीटें मिली थीं.