नई दिल्ली: प्याज, टमाटर और आलू की कुछ हफ्तों से लगातार बढ़ रही कीमतों से आम लोग परेशान हैं, क्योंकि इन तीनों चीजों का सबसे ज्यादा इस्तेमाल देश के ज्यादातर घरों में होता है। ऐसे में बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार ने लोगों को सब्जियों की महंगाई से राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। दरअसल, मोदी सरकार ने प्याज की कीमतों को काबू करने के लिए बफर स्टॉक जारी किया है। सरकार ने कहा कि कीमतों में नरमी और न्यूनतम भंडारण हानि सुनिश्चित करने के लिए प्याज के स्टॉक को अगस्त के अंतिम सप्ताह से फर्स्ट-इन-फर्स्ट-आउट (फिफो) के आधार पर उचित तरीके से बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी के परिणामस्वरूप 14 अक्टूबर को महानगरों में खुदरा प्याज की कीमत 42 से 57 रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में पहुंच गई है। वहीं, प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 37.06 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जबकि औसत थोक दर 30 रुपए प्रति किलोग्राम थी। खुदरा बाजारों में 14 अक्टूबर को प्याज की कीमत चेन्नई में प्याज 42 रुपए प्रति किलो, दिल्ली में 44 रुपए प्रति किलो, मुंबई में 45 रुपए प्रति किलो और कोलकाता में 57 रुपए प्रति किलो पर रही।
इन जगहों पर बफर स्टॉक से सप्लाई पर जोर
खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्याज का बफर स्टॉक उन राज्यों में जारी किया जा रहा है जहां कीमतें अखिल भारतीय औसत से ऊपर हैं और कीमतें पिछले महीने की तुलना में बढ़ रही हैं। विभाग ने कहा कि 12 अक्टूबर, 2021 को दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, पटना, रांची, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, हैदराबाद, बंगलुरू, चेन्नई, मुंबई, चंडीगढ़, कोच्चि और रायपुर जैसे प्रमुख बाजारों में कुल 67,357 टन प्याज जारी किया गया।