पीड़िता के परिवार को आज इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच के सामने पेश किया जाएगा
उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती के साथ गैंगरेप की पीड़िता के परिवार को आज इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच के सामने पेश किया जाएगा। पीड़िता के परिवार के सदस्यों को भारी सुरक्षा के बीच लखनऊ लाया जा रहा है।
इन लोगों के बयान को कोर्ट के सामने दर्ज कराया जाएगा। हाथरस की एसडीएम अंजली गंगवार ने कहा कि मैं पीड़िता के परिवार के साथ जा रही हूं, इन लोगों की सुक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डीएम और एसपी भी हमारे साथ जा रहे हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दलित युवती से कथित गैंगरेप और हत्या केस की जांच अब सीबीआई के पास पहुंच गई है। रविवार को सीबीआई की टीम गैंगरेप की जांच करने हाथरस पहुंची।
इस टीम में शामिल एएसपी ने देर शाम एसपी विनीत जायसवाल से घटना की जानकारी ली। सीबीआई की टीम ने स्थानीय प्रशासन से कुछ कागजात मांगे हैं। हाथरस केस की जांच एजेंसी की तेज तर्रार महिला डीएसपी सीमा पाहुजा को सौंपी गई है।
सीबीआइ की एक टीम रविवार को हाथरस पहुंची है, जहां उसने पुलिस से अब तक की जांच में सामने आने तथ्यों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
सीबीआई की टीम दिल्ली से अधिकारियों की ब्रीफिंग के बाद यहां पर पहुंची। सीबीआई टीम के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौजूद है। टीम 15 दिन तक हाथरस में रुक कर मामले की जांच करेगी। हाथरस कांड की जांच के लिए यूपी सरकार पहले एसआईटी भी बना चुकी है, जिसे हाल ही में 10 और दिनों का वक्त दिया गया है।
एसआईटी को होम सेक्रेटरी भगवान स्वरूप की अध्यक्षता में बनाया गया था और इसे 7 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे। बाद में एसआईटी ने 10 दिन का वक्त और मांगा था, जिसपर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी स्वीकृति दे दी थी।