रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
क्या आपने कभी सुना है कि किसी का छप्पर टूटने से कोई अमीर बन जाता हो ? जी हां, ऐसा ही कुछ इंडोनेशिया में हुआ जहां ताबूत बनाने वाले 33 साल के जोसुआ हुतागलुंग के घर पर आसमान से एक पत्थर गिरा और उसकी किस्मत चमक उठी । जोसुआ के घर पर आकाश से एक बड़ा सा उल्कापिंड (Meteorite) गिरा ।
जिस दौरान जोसुआ उत्तरी सुमात्रा के कोलांग में अपने घर के बगल में काम कर रहे थे । उस दौरान उल्कापिंड (Meteorite) उनके घर पर गिरा । इस उल्कापिंड का वजन करीब 2.1 किलोग्राम है । इस उल्कापिंड के गिरने से उनके घर में बड़ा छेद हो गया है । जिसके बाद जोसुआ ने जमीन के अंदर गड्ढा खोदकर अनमोल उल्कापिंड को बाहर निकाला और जोसुआ को करीब 10 करोड़ रुपये मिले । जानकारी के मुताबिक, यह उल्कापिंड 4.5 अरब साल पुराना है । यह उल्कापिंड बहुत ही दुर्लभ प्रजाति का है । इसकी कीमत 857 डॉलर प्रति ग्राम है ।

जोसुआ ने बताया, जब उल्कापिंड को जमीन से निकाला तो वह काफी गर्म था और आंशिक रूप से टूटा हुआ भी था । उल्कापिंड के गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि जोसुआ के घर के कई हिस्से हिल गए थे । उन्होंने कहा, ‘जब मैंने छत की तरफ देखा तो वह टूटी हुई थी । मुझे पूरा संदेह हो गया कि यह पत्थर निश्चित रूप से आसमान से गिरा है, जिसे कई लोग उल्कापिंड कहते हैं । ऐसा इसलिए था कि मेरी छत पर किसी का पत्थर फेंकना लगभग असंभव है ।’जिसके बाद स्थानीय लोगों घटनास्थल पर इकट्ठे हो गए ।