नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही, जिससे एक हफ्ते से बाजार गुलजार दिख रहा है। बीएसई सेंसेक्स ने मंगलवार को पहली बार 62 हजार का आंकड़ा पार किया। सेंसेक्स 391अंकों की उछाल के साथ 62,156.48 पर खुला।
सुबह 9.53 बजे के आसपास सेंसेक्स 489 अंकों की उछाल के साथ 62,245.43 पर पहुंच गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 125 अंकों की उछाल के साथ 18,602.35 पर खुला और सुबह 9.53 बजे के आसपास 18,604.45 पर पहुंच गया. हालांकि बाद में शेयर बाजार में थोड़ा उतार-चढ़ाव आ गया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 49.54 अंक टूटकर 61,716.05 पर बंद हुआ. इसी तरह, निफ्टी 58.30 अंक टूटकर 18,418.75 पर बंद हुआ।
आईआरसीटीसी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये के पार
इंडियन रेलवे कैटरिंग ऐंड टूरिज्म कॉरपोरेशन का शेयर आज 8 फीसदी से ज्यादा के उछाल के साथ 6375.45 रुपये की नई ऊंचाई तक पहुंच गया। इसके साथ ही इसका मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि दिन के अंत में इस शेयर में जमकर मुनाफावसूली देखी गई और कारोबार के अंत में यह करीब 9 फीसदी टूटकर 5363 रुपये पर बंद हुआ।
पारस डिफेंस में अपर सर्किट
पारस डिफेंस के शेयर में आज 20 फीसदी का अपर सर्किट लगा। आज यह शेयर शानदार प्रदर्शन करते हुए सुबह ही 20 फीसदी के उछाल के साथ 911.85 रुपये पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मजबूत संकेत
अमेरिका में S&P और Nasdaq सोमवार को हरे निशान में बंद हुआ। ऐपल के नए उत्पादों के आने से समूचे टेक्नोलॉजी और कम्युनिकेशन कंपनियों को लेकर आशावादी नजरिया दिखा है।
इसी तरह एशियाई बाजार मंगलवार की सुबह हरे निशान में खुले हैं. जापान का Nikkei 225 0.43% और Topix इंडेक्स 0.14% मजबूत हुआ है। दक्षिण कोरिया का Kospi 0.51% मजबूत हुआ है। सिंगापुर का SGX Nifty भी हरे निशान में खुला है, जिसकी वजह से भारतीय बाजार के भीमजबूत रहने के आसार बने।