रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: तीनों नये कृषि कानूनों को लेकर सरकार के विरोध में किसानों द्वारा जारी आंदोलन का गुरुवार को 71वां दिन है। किसान आंदोलन दिन पर दिन तेज ही होता जा रहा है। गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर परेड के नाम पर हुई हिंसा के बाद आंदोलन कुछ कमजोर पड़ा था। लेकिन भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के ऑसूओं ने आंदोलन में एक बार फिर जान फूंक दी है। किसानों द्वारा सरकार के विरोध में किये जा रहे इस आंदोलन का असर पूरे देश से देखने को मिलने लगा है। आपको बता दें कि अब हो रहे शादियों में भी किसान आंदोलन का असर दिख रहा है।
पंजाब और हरियाण में हो रही शादियों में किसाना आंदोलन लोगो की आन-बान-शान बन गया है। हरियाणा और पंजाब में लोग अपने बेटे और बेटियों की शादी का कार्डो में ट्रैक्टर और हल छपवाने लगे हैं। जबकि कुछ लोग अपनी लग्जरी कारों में भी आई लव खेती जैसे स्लोगन लिखवा रहे हैं। आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर इन दिनों एक शादी का कार्ड वायरल हो रहा है। जिस पर दूल्हा-दुल्हन के नाम के साथ ट्रैक्टर और हल प्रिंट करवाया गया है।

यह शादी इसी महीने 14 फरवरी को कैथल में होने वाली है। कार्ड पर वहीं प्रिंटिंग करने वाले दिनेश शर्मा ने कहा कि “यह कोई पहला मामला नहीं है। जितनी भी शादी यहां हो रही हैं, उनमें हर दूसरी शादी के कार्ड पर किसानों के समर्थन के लिए ट्रैक्टर और हल प्रिंट के स्लोगन छपवाया जा रहा है।“
इस शादी के दूल्हे ने कहा कि “मेरी 14 फरवरी को शादी है। मैंने पढ़ाई में पोस्ट ग्रेजुएशन किया हुआ है। लेकिन हमारे परिवार की असली कमाई खेती है। हम इसके लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। मेरे परिवार की तीन पीढ़ियां खेती से जुड़ी हुई हैं। पिता पिछले दो महीन से दिल्ली में धरना दे रहे हैं। मैं उनके वहां रहने पर अपनी खेती संभाल रहा हूं। पिता के साथ साथ अन्य किसानों के समर्थन मैंने शादी के कार्ड पर यह प्रिंट करवाया है।“