रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना महामारी को देखते हुए राज्य सरकार ने सूबे के सभी विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं 15 मई तक स्थगित कर दीं है। इस बात की जानकारी उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने बरेली के एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के ऑनलाइन संबोधन में गुरुवार को दी है। इस दौरान उन्होने यह भी कहा कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को भी 20 मई तक के लिए स्थगित किया जा रहा है। प्रदेश में अब कक्षा एक से लेकर 12 तक के सभी स्कूल व कॉलेज 15 मई तक बंद रहेंगे।
इसके साथ ही चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने अब सेमेस्टर और मेडिकल की परीक्षा भी स्थगित कर दिया है। आपको बता दें कि अगले आदेश तक अब कोई भी परीक्षा नहीं होगी। इससे पहले वार्षिक मुख्य परीक्षाएं स्थगित की जा चुकी हैं। विश्वविद्यालय ने गुरुवार को यह निर्णय लिया। ये परीक्षाएं 16 अप्रैल से होने वाली थीं। इनमें एमबीबीएस, बीबीए, बीडीएस जैसे कोर्स के छात्र हैं। अब दोबारा से स्थिति की समीक्षा करने के बाद परीक्षा का नया कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
सूबे में बुधवार को कोरोना के 20,510 नए मामले सामने आए, जिसमें राजधानी लखनऊ में ही 5,433 संक्रमण के नये केस सामने आए। राज्य में अभी भी 1,11,835 एक्टिव केस हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ऑफिस के कुछ अधिकारी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
वहीं देश की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 2,00,739 नये केस सामने आये हैं। इस दौरान 93,528 महामारी को मात देकर घर जा चुके हैं। जबकि 1,038 लोगों ने आपनी जान गंवाई है। मौजूदा वक्त में कुल एक्टिव केसों को देखें तो अब तक 1,40,74,564 संक्रमित हो चुके हैं। जबकि 1,24,29,564 महामारी से जंग जीत चुके हैं। मौजूदा वक्त में 14,71,877 लोग महामारी से संक्रमित हैं।