रिपोर्ट – माया सिंह
लखनऊ : यूपी के लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है , जहां कोरोना वायरस की वजह से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी लेकिन अंतिम संस्कार भी उसे समय से नसीब नहीं हुआ । तीन दिन तक कमरे में उसका शव पड़ा रहा । खुलासा तब हुआ जब लाश की बदबू पड़ोसियों के घरों तक पहुंची । बदबू से परेशान होकर आस-पास में रह रहे लोगों ने पुलिस और नगर निगम से शिकायत की । सूचना मिलते ही पुलिस नगर निगम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची । इसके बाद कुछ समाज सेवियों ने शव को कमरे से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया ।
जानकारी के मुताबिक लखनऊ के थाना मड़ियांव क्षेत्र के भरत नगर में सविता नाम की बुजुर्ग विधवा महिला अकेले रहती थी और गांव के रहने वाले तीन लोगों को बाकी का कमरा किराये पर दे रखी थी । अफसोस की पंचायत चुनाव के वजह से किरायेदार अपने – अपने गांव चले गये थे , जिससे बुजुर्ग महिला घर में अकेली पड़ गयी थी । इसी दौरान महिला की मौत हो गयी ।
इस मामले में समाजसेवी इमदाद का कहना है कि उन्हें फोन के जरिये सूचना मिली कि कोरोना संक्रमित एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है । इसके बाद पहुंचकर देखा तो महिला की लाश जमीन पर पड़ी हुई थी , जो पूरी तरीके से क्षत-विक्षत हो गई थी। इतना ही नहीं उसका हाथ कुत्तों ने खा रखा था और उसके आसपास तीन जानवर मौजूद भी थे । एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण लाश को निजी गाड़ी से पोस्टमार्टम के लिये ले जाया गया ।
फिलहाल पुलिस महिला के परिजनों के बारे में पता कर रही है , ताकि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को लाश सौंपी जा सके । पड़ोसियों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बुजुर्ग से बात हुई थी , उसे तेज बुखार हो रखा था । प्राथमिकी जांच में पता चला है कि 3 साल पहले ही महिला के पति की मौत हो गयी थी , तब से वह इस घर में अकेली रह रही थी ।