रिपोर्ट: नंदनी तोदी
मथुरा: सोशल मीडिया का मतलब उच्च स्तर पर जानकारी देना है। लेकिन अब इसका इस्तेमाल गलत तरीके से भी किया जा रहा है जिससे समूह, व्यक्ति या किसी संस्था पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। हाल ही एक ऐसे ही मामले की पुष्टि हुई जब मथुरा जिले के एक सिनेमाघर में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। ये सूचना ट्विटर पर एक अज्ञात व्तक्ति ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट की थी।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर को एक अज्ञात व्यक्ति ने अपने ट्विटर हैंडल से गोविंद नगर थाना क्षेत्र में स्थित सिनेमाघर रूपम टॉकीज में बम होने की सूचना दी। इस व्यक्ति ने अपने ट्वीट में डीजीपी, यूपी पुलिस और स्थानीय पुलिस को टैग भी किया था। जैसे ही इस ट्वीट से बम होने की सूचना मिली वैसे ही मथुरा पुलिस एक्शन में आ गई।
मथुरा पुलिस बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) के साथ मौके पर पहुंच गए। जैसे ही पुलिस बीडीएस की टीम पहुंची, वैसे ही जल्दबाजी में पूरे टॉकीज को खाली कराया गया और तलाश ली गई। करीब डेढ़ घंटे तक चली तलाशी के बाद बीडीएस की टीम को कुछ नहीं मिला। जांच में पता चला की ये सूचना झूठी थी जिसके बाद लोगों को राहत मिली।
बीडीएस प्रभारी एसआई बीरेंद्र सिंह ने बताया कि टॉकीज में कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। किसी ने गलत सूचना दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि ट्वीट करने वाले की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही पता लगने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।