छतरपुर जिले के ढोड़न गांव में केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने टीम पर पथराव कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उग्र भीड़ ने एडिशनल एसपी की गाड़ी, तहसीलदार के वाहन और एक जेसीबी मशीन सहित करीब आधा दर्जन वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। तनाव बढ़ने पर प्रशासनिक टीम को मौके से पीछे हटना पड़ा और क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, विवाद उस समय और बढ़ गया जब प्रशासन द्वारा एक घर को अतिक्रमण मानते हुए हटाने की कार्रवाई की गई। आरोप है कि इस दौरान परिवार के सदस्य मलबे में दब गए, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने कहा कि प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उन्हें परियोजना के तहत मुआवजा पहले ही दिया जा चुका है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।