मेरठ: सोमवार को जानी थाना क्षेत्र में दुकान में किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के दौरान उसे अधमरा करने वाले आरोपी की देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने आरोपी को पैर में गोली मारकर दबोचा है।
बताते चलें जानी थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 12 वर्षीय किशोरी सोमवार को अपने पड़ोस में किराने की दुकान करने वाले मुनीर की दुकान पर सामान लेने गई थी। आरोप है कि इस दौरान मुनीर ने किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
विरोध करने पर मुनीर ने किशोरी को जमकर पीटा। किशोरी के अधमरी होने पर आरोपी उसे दुकान के काउंटर में बंद करके फरार हो गया। घटना में घायल किशोरी को मेरठ के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उधर परिजनों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी।
थाना प्रभारी ऋषि पाल सिंह ने बताया कि देर रात आरोपी मुनीर को नहर की पटरी के निकट दबोचने का प्रयास किया गया। जिस पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी मुनीर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए।
जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी को दुष्कर्म के प्रयास और पोक्सो एक्ट की धारा में जेल भेजा जा रहा है।