1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. खेल-खेल में सपा नेता के घर चली गोली, 3 बच्चे घायल व एक बच्ची हुई बेहोश

खेल-खेल में सपा नेता के घर चली गोली, 3 बच्चे घायल व एक बच्ची हुई बेहोश

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
खेल-खेल में सपा नेता के घर चली गोली, 3 बच्चे घायल व एक बच्ची हुई बेहोश

गौतम बुद्ध नगर जिले के दनकौर कोतवाली के दादूपुर गांव में रविवार की दोपहर सपा नेता के घर अचानक खेल-खेल में गोली चल गई। इस घटना में 3 बच्चे घायल हो गए। एक बच्ची बेहोश हो गई। आनन-फानन में गांव वालों ने बच्चों को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सभी खतरे से बाहर बताए गए हैं।

गांव में सपा नेता नागर के घर में घर का बच्चा और आस-पड़ोस के 5 बच्चे चोर सिपाही का खेल खेल रहे थे।  एक बच्चा सिपाही बना और बाकी चोर बन बैठे। खेल-खेल में अचानक एक बच्चे के हाथ से पिस्टल चल गई। पिस्टल से चली गोली दीवार से टकराई और दीवार से लौटकर तीन बच्चों के पेट, सिर और बाजू में लगी। इस घटना में 3 बच्चे घायल हो गए और एक बच्ची बेहोश हो गई। घर में अचानक गोली चलते ही हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी गोली चलने की आवाज सुनकर दौड़े चले आए। आनन-फानन में सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार घायल बच्चे दीपू, एंजेल उर्फ एनी पुत्री अमित और आयुष पुत्र रनवीर हैं। अदिति गोली की आवाज सुनकर बेहोश हो गई। यह चारों बच्चे अपने साथ पढ़ने वाले बच्चे के घर खेलने आए थे। दीपू और एनी दोनों बहने अपने नानी के यहां गांव में आई हुई थी। यह रणबीर की भांजी है। वह अपने नाना के लड़के आयुष के साथ सपा नेता के घर खेलने चली गई थी।

कमरे में गद्दे के नीचे रखी थी पिस्टल
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल बरामद कर ली है। इस संबंध में देर शाम तक भी किसी पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। जिस घर में बच्चे चोर सिपाही का खेल खेल रहे थे। उसी कमरे में अवैध पिस्टल लोड हुए रखी थी। वह बच्चों के हाथों लग गई और बच्चे से अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।

फॉरेंसिक टीम ने लिए नमूने
गांव में घटनास्थल पर इस घटना के बाद फॉरेंसिक टीम पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए हैं। नमूनों की जांच की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटना का किया निरीक्षण 
दादूपुर गांव में जिस मकान में गोली चली उस घटनास्थल का एडीसीपी विशाल पांडे एसीपी अब्दुल कादिर ने निरीक्षण किया। इस मौके पर दनकौर, इकोटेक और कासना थाने की पुलिस भी गांव में मौजूद रही।

खेल खेल में एक बच्चे द्वारा गोली चल गई। जिसमें 3 बच्चे घायल हुए हैं। अस्पताल में भर्ती हैं। अवैध पिस्टल बरामद कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है.

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...