1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. क्रिसमस के त्योहार पर कोरोना काल को देखते हुए राज्यों ने जारी की गाइडलाइंस

क्रिसमस के त्योहार पर कोरोना काल को देखते हुए राज्यों ने जारी की गाइडलाइंस

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
क्रिसमस के त्योहार पर कोरोना काल को देखते हुए राज्यों ने जारी की गाइडलाइंस

कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच देश ही नहीं दुनियाभर में क्रिसमस के त्योहार को लेकर तैयारियां चल रही हैं। लेकिन इस बार क्रिसमस का रंग दुनियाभर में फीका ही रहेगा। कोरोना संकट की वजह से भारत में भी इस त्योहार पर वो रौनक नजर नहीं आएगी. देश के कई राज्यों ने तो क्रिसमस को देखते हुए गाइडलाइन भी जारी कर दी है।

कोरोन का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिला है। यहा सबसे ज्यादा कोरोन मरीज मिल चुके हैं। महाराष्ट्र में मंगलवार को 3106 नए संक्रमित पाए गए। 4122 लोग रिकवर हुए और 75 की मौत हो गई।

अब तक 19 लाख 2 हजार 458 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 48 हजार 876 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 58 हजार 376 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 17 लाख 94 हजार 80 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।

ऐसे में क्रिसमस के त्योहार को लेकर राज्य सरकार ने मंगलवार को गाइडलाइन जारी की है। सरकारी नियमों के अनुसार ही त्योहार मनाने का निर्देश दिया गया है। गृह मंत्री अनिल देशमुख ने लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण मे वृद्धि की संभावना को देखते हुए ईसाइ समुदाय नियमों का पालन करते हुए बेहद सिंपल तरीके से ही क्रिसमस का त्योहार मनाए।

राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी की गई गाइडलाइन में कहा गया है कि इस बार चर्च में क्रिसमस प्रार्थना के लिए अधिकतम 50 लोगो की उपस्थिति की इजाजत दी गई है। चर्च को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रार्थना के समय कोई भीड़ न हो और सोशल डिस्टेंसिंग का खास ख्याल रखा जाए।

चर्च में प्रार्थना शुरू होने से पहले सेनेटाइजेशन की व्यवस्था करने करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को चर्च में मास्क पहनकर आना अनिवार्य है। प्रभु यीशु मसीह के गुणगान के चर्चे के लिए अधिकतम 10 गायक ही शामिल हो सकते हैं और सभी के पास अलग-अलग माइक हो।

इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक के वरिष्ठों को और 10 साल से कम उम्र के बच्चों को घर पर त्योहार मनाने की सलाह दी गई है। आयोजकों को आम लोगों के लिए ऑनलाइन प्रार्थना सभा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं धार्मिक व सांस्कृतिक जुलूस निकालने की पूरी तरह मनाही है। साथ ही पटाखे जलाने के लिए भी समय निर्धारित किया गया है।

मध्यप्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,005 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 2,33,324 तक पहुंच गयी।

राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 12 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 3,502 हो गयी है। प्रदेश में कुल 2,33,324 संक्रमितों में से अब तक 2,18,828 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं और 10,994 मरीज़ों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को 1,050 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

प्रशासन द्वारा भोपाल में जारी की गई गाइडलाइंस के मुताबिक क्रिसमस और न्यू इयर पर सिर्फ 35 मिनट (रात के 11.55 से 12.30) तक आतिशबाजी की जा सकती है। कोरोना की वजह से भोपाल में प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाने का समय भी बदला गया है।

रात 9 बजे से पहले ही चर्च के सभी कार्यक्रम संपन्न कर लिए जाएंगे। चर्च से क्रिसमस सेलिब्रेशन का वर्चुअल प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने की दर भी तय कर दी हैं।

देहरादून में कोरोना वायरस के खतरे की वजह से सार्वजनिक स्थानो पर सामूहिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। सरकारी आदेश के अनुसार 25 दिसंबर, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को जिले के होटल, रेस्टोरेंट, बार और दूसरी जगहो पर कोई पार्टी नहीं होगी। अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उस पर आपदा प्रबंधन एक्ट 2005 और उत्तराखंड महामारी रोग कोरोना एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

बीते 24 घंटों में 611 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं,13 संक्रमित मरीजों की मौत हुई। कुल संक्रमितों की संख्या 87 हजार के पार हो गई है। वर्तमान में 5517 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को 16350 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, देहरादून जिले में सबसे अधिक 237 संक्रमित मरीज मिले हैं।

देश के कई और राज्यों में भी कोरोना संकट को देखते हुए क्रिसमस के त्योहार को सादगी से मनाने की अपील की गई है। ईसाई समुदाय से इस त्योहार को घर पर ही मनाने की अपील की गई है। साथ ही किसी भी पार्टी या सामूहिक आयोजन पर सख्त मनाही है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...