1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. जहानाबाद और अरवल में विशेष लोक अदालत आज, चेक बाउंस मामलों के त्वरित निपटारे पर रहेगा फोकस

जहानाबाद और अरवल में विशेष लोक अदालत आज, चेक बाउंस मामलों के त्वरित निपटारे पर रहेगा फोकस

जहानाबाद और अरवल में 18 जुलाई 2026 को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी, जिसमें चेक बाउंस मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निःशुल्क और त्वरित निपटारा किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जागरूकता रथ रवाना कर लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की है।

By: Nivedita 
Updated:
जहानाबाद और अरवल में विशेष लोक अदालत आज, चेक बाउंस मामलों के त्वरित निपटारे पर रहेगा फोकस

बिहार के जहानाबाद और अरवल में लंबित चेक बाउंस मामलों के समाधान के लिए 18 जुलाई 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जहानाबाद की ओर से इसको लेकर जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में व्यवहार न्यायालय परिसर, जहानाबाद से जागरूकता रथ रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विकास कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में पहुंचकर लोगों को विशेष लोक अदालत की प्रक्रिया और लाभों की जानकारी देगा।

चेक बाउंस मामलों का होगा आपसी समझौते से समाधान

विशेष लोक अदालत का आयोजन 18 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से परक्राम्य लिखत अधिनियम (NI Act) की धारा 138 से जुड़े लंबित चेक बाउंस मामलों की सुनवाई होगी। लोक अदालत में पक्षकारों की सहमति से मामलों का निपटारा कराया जाएगा। इसमें किसी अतिरिक्त न्यायालय शुल्क की आवश्यकता नहीं होगी और विवादों का त्वरित एवं स्थायी समाधान उपलब्ध कराया जाएगा।

समय और धन की बचत का मिलेगा लाभ

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार ने कहा कि लोक अदालत न्याय पाने का सरल, सस्ता और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने चेक बाउंस से जुड़े मामलों में पक्षकारों से अपील की कि वे विशेष लोक अदालत में पहुंचकर आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान कराएं। उन्होंने बताया कि इससे लोगों का समय और धन दोनों बचेंगे तथा लंबे समय तक चलने वाली न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलेगी।

 

अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा रही जानकारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ब्रजेश कुमार ने बताया कि जागरूकता रथ के माध्यम से आम लोगों को विशेष लोक अदालत के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य लोगों को सुलभ, त्वरित और कम खर्च वाली न्याय व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित मामलों का निपटारा कराएं।

न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में रवाना हुआ जागरूकता रथ

जागरूकता रथ रवाना किए जाने के अवसर पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश सतीश कुमार देव सहित कई न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे 18 जुलाई को आयोजित विशेष लोक अदालत में भाग लेकर चेक बाउंस मामलों का निःशुल्क और शीघ्र समाधान प्राप्त करें।

 

रिपोर्ट – बरुण कुमार 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...