नई दिल्ली : पहाड़ी क्षेत्रों पर बर्फबारी के बाद चल रहे शीतलहर के चलते देश की राजधानी दिल्ली का पारा सोमवार को चार डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। जिससे दिल्ली के लोगों को सोमवार के दिन भी कंपकंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ा। आपको बता दें कि दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम है।
गौरतलब है कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के चलते पिछले दो दिनों से दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही हैं। सोमवार को दिल्ली के मानक सफदरजंग मौसम केन्द्र का न्यूनतम पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह इस सीजन का सबसे ठंडी सुबह रही।
बता दें कि इससे पहले रविवार के दिन न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। हालांकि, रविवार की तुलना में दिन के तापमान में हल्का इजाफा दर्ज किया गया है। सफदरजंग मौसम केंद्र में रविवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम है।
हालांकि, रविवार को अधिकतम पारा 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार के दिन भी दिल्ली के लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान न्यूनतम पारा चार डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
दिल्ली का जफरपुर इलाका सोमवार के दिन सबसे ज्यादा ठंडा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक यहां के निगरानी केंद्र में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि, लोधी रोड मौसम केंद्र में भी न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।