सीतापुर: सदरपुर थानाक्षेत्र में एक विधवा युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में अवैध तमंचे से खुद को गोली मार ली। युवती को लखनऊ के मेडिकल कालेज स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा घर से पुलिस ने बरामद कर लिया है।
बता दें कि सदरपुर थानाक्षेत्र के ग्राम पड़रिया मजरे मनिकापुर निवासिनी संगीता देवी (28) पत्नी स्व. धनपाल ने बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में 315 बोर के अवैध तमंचे से खुद के सीने में गोली मार ली।
घर मे मौजूद सास ने घटना की जानकारी 108, 112 डायल कर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम के साथ थाना प्रभारी निरीक्षक सदरपुर उमाकांत दीपक मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए सीएचसी बिसवां पहुंचाया। सीएचसी से गंभीर रूप से घायल युवती के प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हालत में सुधार न होते देख जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने लखनऊ के मेडिकल कॉलेज स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने घर से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी उमाकांत दीपक ने बताया कि घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा घर से बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।