उत्तर प्रदेश के सीतापुर में अपनी ससुराल में रह रहे युवक का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला। जबकि उसकी पत्नी की लाश जमीन पर बिछे बिस्तर पर पड़ी थी। महिला के शव के पास से विषाक्त पदार्थ की खाली शीशी बरामद की है। कहा जा रहा है कि दोनों ने आपसी विवाद होने के बाद खुदकुशी कर ली। घटना को लेकर आरोपों का कोई मामला सामने नहीं आया है ।
बता दें कि ये पूरा मामला सीतापुर के थाना संदना इलाके के तेमईपुरवा गांव का है। वहां के निवासी वेद ( 28 ) पुत्र लल्लू की शादी कमलापुर इलाके के जल्लाबाद गांव की मंशा देवी उर्फ बिट्टा ( 26 ) पुत्री स्व. हरिकरन से हुई थी। मंशा देवी का कोई भाई नहीं था। पिता की भी मौत हो चुकी है। जिसके चलते वेद अपनी पत्नी मंशा देवी के साथ ससुराल में ही रहता था।
गुरुवार शाम वेद की साली व सास एक धार्मिक कार्यक्रम के लिए दूसरी जगह चली गईं थीं । इस बीच वेद व उसकी पत्नी मंशा घर में अकेले थे । आधी रात करीब 12 बजे जब वेद की साली व सास घर पहुंची तो घर के दरवाजे अंदर से बंद थे। किसी तरह यह लोग अंदर दाखिल हुए तो घर का दृश्य देखकर दंग रह गए। घर में पड़े छप्पर के नीचे बिस्तर पर मंशा देवी मृत पड़ी थी और कोठरी केभीतर वेद का शव फंदे से लटक रहा था।
यह देखकर घर में चीख पुकार मच गई । चीख पुकार सुनकर गांव व पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के पास से जहरीले पदार्थ की खाली शीशी बरामद की है । घटना को लेकर परिवार के लोगों ने किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियो का कहना है कि पति पत्नी मे किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों ने खुदकुशी कर ली ।