सिंगरौली जिले के रिहंद डैम में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
रिहंद डैम में पांच सैकड़ा से अधिक मरी हुई मछलियां मिलने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। यह डैम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति का प्रमुख स्रोत भी माना जाता है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन ने तुरंत जांच टीम गठित की। टीम में एसडीएम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मत्स्य विभाग और NTPC विंध्याचल परियोजना के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पानी और अन्य नमूनों को जांच के लिए एकत्र किया।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष लालबाबू कुशवाहा ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि डैम का पानी नगर निगम क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति का मुख्य स्रोत है, इसलिए यह मामला जनस्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है।
प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि मछली पकड़ने के दौरान छोटी मछलियों के छोड़ दिए जाने से उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी नमूनों की जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
प्रशासन ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पानी के नमूने लैब जांच के लिए भेज दिए गए हैं।