शुभेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। इसके साथ ही अब वह पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगी।
भाजपा विधायक दल की अहम बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा की गई। बैठक में पार्टी नेताओं और विधायकों ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया।
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामीक भट्टाचार्य ने विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया। इसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को हराकर बड़ी राजनीतिक पहचान बनाई। उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत दर्ज की। चुनाव में उनकी भूमिका भाजपा की बड़ी जीत के प्रमुख कारणों में मानी जा रही है।
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 293 में से 207 सीटों पर जीत हासिल कर पहली बार स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है। इस जीत के साथ भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाने जा रही है।
55 वर्षीय शुभेंदु अधिकारी पूर्वी मेदिनीपुर जिले के रहने वाले हैं। उनके मुख्यमंत्री बनने के साथ ही वह पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में इतिहास दर्ज करेंगे। पार्टी ने उनके नेतृत्व में राज्य में नए राजनीतिक दौर की शुरुआत का संकेत दिया है।