1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शाजापुर पुलिस ने शुरू किया “सेफ क्लिक 2.0” अभियान, साइबर ठगी से बचाव के लिए चलाया जागरूकता अभियान

शाजापुर पुलिस ने शुरू किया “सेफ क्लिक 2.0” अभियान, साइबर ठगी से बचाव के लिए चलाया जागरूकता अभियान

शाजापुर पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए "सेफ क्लिक 2.0" जागरूकता अभियान शुरू किया। अभियान के तहत साइबर जागरूकता रथ को रवाना कर लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने और हेल्पलाइन 1930 का उपयोग करने की अपील की।

By: Nivedita 
Updated:
शाजापुर पुलिस ने शुरू किया “सेफ क्लिक 2.0” अभियान, साइबर ठगी से बचाव के लिए चलाया जागरूकता अभियान

शाजापुर।  साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए शाजापुर पुलिस ने आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “सेफ क्लिक 2.0” अभियान का शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत शहर के बड़ा चौक से की गई, जहां पुलिस अधिकारियों और नागरिकों की मौजूदगी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

साइबर जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा के बारे में जानकारी देगा। साथ ही प्रमुख स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाकर भी जागरूकता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

साइबर सेल की उपलब्धियां साझा

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले एक वर्ष में शाजापुर साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी से जुड़ी करीब 1 करोड़ 16 लाख रुपये से अधिक की राशि होल्ड कराई है। वहीं, लाखों रुपये की रकम पीड़ितों के खातों में वापस कराई जा चुकी है और कई मामलों में राशि लौटाने की प्रक्रिया जारी है।

 

नागरिकों को दिए सुरक्षा संबंधी सुझाव

कार्यक्रम में लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड या पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

साइबर सुरक्षा की दिलाई शपथ

अभियान के दौरान उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। विशेषज्ञों ने डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया।

 

रिपोर्ट – दिलीप सौराष्ट्रीय

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...