पलेरा क्षेत्र में रेत माफिया के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला सेपुरा गांव का है, जहां निवासी महेश राजपूत (37) पर चार से पांच लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना हरितला मंदिर के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार हमलावरों ने महेश राजपूत पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार और मेडिकल परीक्षण (MLC) किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पलेरा क्षेत्र में रेत माफिया की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले भी गौना सरपंच प्रतिनिधि पर हमला और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर धारा 118(1), 115(2), 296, 351(2) सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से रेत माफिया पर सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।