मुंबई: कोरोना महामारी के कारण लम्बे अरसे से बंद सिनेमाघरों में फिर से बहार लौटने की शुरूआत इस दीपावली से होने जा रही है। पिछले 18 माह से ज्यादा समय से बंद सिनेमाघर 22 अक्टूबर से पूरी तरह से खुलने जा रहे हैं। आपको बता दें कि कोरोना महामारी में लंबे समय तक सिनेमाघरों, खासकर मुंबई सर्किट के थियेटर बंद होने की वजह से बड़ी संख्या में फिल्मों की रिलीज पर असर पड़ा है।
बता दें कि दीपावली से सिनेमाघरों की हालात सामान्य होने की वजह से अगले डेढ़ से दो साल का स्लॉट फुल नजर आ रहा है। एक-एक महीने में चार-चार, पांच-पांच फ़िल्में तक रिलीज हो रही हैं। रिलीज की मारामारी इतनी ज्यादा है कि कई फिल्मों के बीच साफ क्लैश दिख रहा है। इन्हीं निर्माताओं में अब सलमान खान भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने सलमान खान फिल्म्स की अंतिम: द ट्रूथ को 26 नवम्बर को प्रदर्शित करने की घोषणा कर दी है। इस फिल्म में उनके बहनोई आयुष शर्मा नायक के तौर पर नजर आने वाले हैं।
सलमान खान फिल्म में एक्सटेंडेट कैमियो कर रहे हैं। वे पंजाबी सरदार के रूप में नजर आएंगे जो पुलिस वाला है। वहीं, आयुष शर्मा का किरदार एक ऐसे युवा का है जो हालात की वजह से गैंगस्टर बन जाता है। अंतिम का निर्देशन महेश मांजरेकर कर रहे हैं। आयुष के अपोजिट प्रज्ञा जायसवाल हैं। अंतिम मराठी फिल्म मुलशी पैटर्न का बॉलीवुड रीमेक है।
सलमान खान के अंतिम: द ट्रूथ की प्रदर्शन तिथि की घोषणा के साथ ही बॉलीवुड में एक बार फिर से टकराव पर चर्चा शुरू हो गई है। इसी दिन जॉन अब्राहम अपनी फिल्म सत्यमेव जयते-2 को लेकर आ रहे हैं, जिसकी घोषणा उन्होंने महाराष्ट्र सरकार द्वारा सिनेमाघरों के खोलने के साथ ही कर दी थी। अंतिम और सत्यमेव जयते 2 की भिड़ंत पर लोगों की नजर रहेगी। खबरों की मानें तो इन दोनों फिल्मों के आमने-सामने आने से सल्लू भाई को बड़ा घाटा हो सकता है।