रविवार की शाम से लापता आईडिया कम्पनी के डिस्ट्रीब्यूटर का शव बीस घण्टे बाद पड़ोसी राज्य हरियाणा की यमुना नहर से बरामद हुआ है।
देर रात मृतक की बाइक व नगदी भी बरामद हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल, जनपद सहारनपुर की कोतवाली बेहट इलाके के गांव माँझीपुर निवासी 32 वर्षीय अरविंद पुत्र कंवरपाल टेलीकॉम कंपनी आइडिया का डिस्ट्रीब्यूटर है।
रविवार की शाम करीब 4 बजे अरविंद अपने घर से मिर्ज़ापुर जाने के लिए कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वह वापस नही लौटा।
परिजनों ने कोतवाली बेहट पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी थी। देर रात पड़ोसी राज्य हरियाणा के थाना प्रतापनगर क्षेत्र के ताजेवाला के पास स्थित पावर हाउस के निकट अरविंद की बाइक और उसकी दिग्गी में कुछ नगदी बरामद हुई थी।
पुलिस के मुताबिक बाइक के पास से सल्फास की डिब्बी और बियर का कैन भी बरामद हुआ था। तभी से युवक द्वारा आत्महत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही थी। ग्रामीणों को पश्चिमी यमुना नहर में अरविंद का जूता दिखाई दिया जिसके बाद मौके पर थाना प्रतापनगर, थाना मिर्जापुर, कोतवाली बेहट पुलिस सहित बेहट सीओ विजयपाल सिंह भी मौके पर पहुँचे।
पुलिस ने नहर का पानी कम कर तलाश कि तो शव नहर से बरामद हो गया। युवक का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। खबर मिलने पर बेहट विधायक नरेश सैनी, देहात विधायक मसूद अख्तर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।