उज्जैन में किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जाट को जिलाबदर किए जाने के विरोध में कांग्रेस और किसान संगठनों ने प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के साथ शहर में पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।
बड़नगर रोड स्थित ब्रिज के नीचे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। करीब एक घंटे तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया। इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और एक किसान को हल्की चोट आई। पुलिस ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन को दबा रहा है।
घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि किसान नेताओं पर कार्रवाई जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।