1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. गुना में दुष्कर्म प्रयास और लूट की वारदात का 24 घंटे में खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

गुना में दुष्कर्म प्रयास और लूट की वारदात का 24 घंटे में खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

गुना के धरनावदा थाना क्षेत्र में युवक-युवती से लूट और दुष्कर्म प्रयास की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने सात आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपियों की तलाश जारी है। डायल-112 की तत्परता से समय रहते बड़ी घटना को टाल दिया गया।

By: Nivedita 
Updated:
गुना में दुष्कर्म प्रयास और लूट की वारदात का 24 घंटे में खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के गुना जिले में युवक-युवती के साथ लूट और दुष्कर्म के प्रयास की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। धरनावदा थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है।

मंदिर से लौट रहे युवक-युवती को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब एक युवक और युवती रात के समय मंदिर से दर्शन कर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान NH-46 हाईवे पर गंदेर गांव के पहले रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कुछ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाश दोनों को जबरन सड़क किनारे जंगल की ओर ले गए, जहां उन्होंने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया।

मारपीट कर सामान लूटा, युवती से गलत हरकत का प्रयास

पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपियों ने युवक और युवती के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल फोन, पर्स सहित अन्य सामान लूट लिया। इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप है। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने घटना को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।

 

डायल-112 की तत्परता से टली बड़ी घटना

सूचना मिलते ही डायल-112 की पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गए, जिससे युवती के साथ होने वाली बड़ी वारदात को टाला जा सका। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

पांच आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिला परिणाम

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

 

रिपोर्ट – रणधीर चंदेल

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...