सोमवार को हाथरस में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर हुए हमले को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
मंगलवार को आप के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी पर धरना देते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह को जेड प्लस सुरक्षा दिए जाने की मांग उठाई।
पार्टी के प्रदेश सचिव अंकुश चौधरी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह पार्क में धरना दिया।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया।
अंकुश चौधरी ने आरोप लगाया की जिस तरह हाथरस में एसडीएम की गाड़ी में बैठे पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर इंक फेंकने के बाद पथराव किया गया।
उससे साफ जाहिर है कि प्रदेश सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिस की मौजूदगी में एक सांसद पर हमला हो सकता है तो फिर हाथरस पीड़ितों की सुरक्षा की जिम्मेदारी यूपी की पुलिस कैसे ले सकती है?
पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हाथरस के पीड़ित परिवार और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराए जाने की मांग की।