नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी संसदीय राजभाषा समिति के सदस्य के रूप में बिहार और सिक्किम के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का अध्ययन एवं निरीक्षण करेंगे। यह दौरा 14 मई 2026 से 19 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य केंद्र सरकार के विभागों में राजभाषा हिंदी के उपयोग और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना है।
यह अध्ययन दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिसमें प्रशासन, शिक्षा, तकनीक और जनसंचार के क्षेत्रों में भारतीय भाषाओं, विशेषकर हिंदी को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। समिति सरकारी संस्थानों में हिंदी के उपयोग की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन करेगी।
दौरे के दौरान समिति भारतीय खाद्य निगम, बीएसएनएल, आकाशवाणी, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, एनआईसी, भारतीय मानक ब्यूरो, डाक विभाग, रेलवे, सी-डैक, एनटीपीसी, एनएचपीसी, नीपको सहित कई केंद्रीय और सार्वजनिक उपक्रमों का निरीक्षण करेगी। इस दौरान हिंदी के व्यावहारिक उपयोग और कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी।
समिति 14 से 16 मई तक बिहार की राजधानी पटना में विभिन्न सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण करेगी। इसके बाद 17 मई को गंगटोक पहुंचकर 18 और 19 मई को सिक्किम एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र के संस्थानों का अध्ययन किया जाएगा।
डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा कि समिति का यह दौरा प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देगा और आमजन तक सरकारी संवाद को सरल बनाने में मदद करेगा।
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को लेकर क्षेत्रवासियों और हिंदी प्रेमियों ने खुशी व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि यह न केवल क्षेत्र बल्कि हिंदी भाषा के सम्मान और विकास के लिए भी गौरव का विषय है।