1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. आज से तमिलनाडु से चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे राहुल गांधी

आज से तमिलनाडु से चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे राहुल गांधी

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
आज से तमिलनाडु से चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी आज से तमिलनाडु के तीन दिनों के दौरे पर रहेंगे। वह अपने दौरे पर तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। राहुल गांधी तमिलनाडु के कोयंबटूर से प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।

इसके तहत राहुल गांधी आज तमिलनाडु की तीन दिवसीय यात्रा पर कोयंबटूर पहुंचेंगे। वह अपनी यात्रा के दौरान किसानों, एमएसएमई क्षेत्र के प्रतिनिधियों, ट्रेड यूनियनों, मजदूरों और बुनकरों से भी मुलाकात करेंगे।

आप को बता दे कि दक्षिण में गांधी परिवार का प्रभाव और उनकी लोकप्रियता अब भी बरकरार है। खासकर केरल और तमिलनाडु में लोग गांधी परिवार पर भरोसा करते हैं। इस लिहाज से ये दोनों राज्य कांग्रेस के लिए काफी अहम हैं।

जहां केरल में कांग्रेस यूडीएफ के नेतृत्व में अपनी सरकार की वापसी चाहती है, वहीं तमिलनाडु में भी पार्टी डीएमके के साथ मिलकर सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। रोचक है कि साउथ के इन्हीं दोनों राज्यों में बीजेपी भी अपने पैर जमाने की कोशिश में लगी है।

इसे ध्यान में रखते हुए कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने यहां राहुल गांधी को व्यापक स्तर पर अभियान में उतारने की योजना बनाई है। सूत्रों के मुताबिक, डीएमके भी चाहती है कि तमिलनाडु में राहुल खास ध्यान दें ताकि वो अन्य तबकों के साथ-साथ सवर्ण हिंदुओं को आकर्षित कर सकें।

ऐसा हुआ तो वहां बीजेपी के लिए अपनी जड़ें जमाना आसान नहीं रह जाएगा। उल्लेखनीय है कि डीएमके का मूल जनाधार पिछड़ा और दलित वर्ग है। ऐसे में अगर सवर्ण भी साथ आते हैं तो पार्टी के लिए सोने पर सुहागा जैसी स्थिति हो जाएगी।

तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के एस अलागिरि के मुताबिक राहुल गांधी कोयम्बटूर, तिरुप्पुर , इरोड, करुर और डिंडीगुल जिलों में कई बैठकों को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 23 जनवरी को सुबह 11 बजे कोयम्बटूर पहुंचेंगे।

चित्रा-कलापट्टि हवाई अड्डे पर स्वागत के बाद वह लघु सूक्ष्म उद्यमियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे।अपने तमिलनाडु प्रवास के दौरान राहुल गांधी सबसे पहले तमिलनाडु राज्य के MSME क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे तमिलनाडु के तिरुपुर जिले जाएंगे।

यहां राहुल गांधी औद्योगिक मजदूरों से मुलाकात कर उनसे चर्चा करेंगे। इसके बाद अपने दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी 24 जनवरी को इरोड जिला पहुंचेंगे, जहां वे बुनकरों से उनकी स्थिति-परिस्थिति पर चर्चा करेंगे। कांगेयम में एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होने के बादवह धारापुरम में रैली को संबोधित करेंगे तथा यहीं रात्रि विश्राम करेंगे।

अपने दौरे के तीसरे दिन यानि 25 जनवरी को कांग्रेस नेता राहुल गांधी करुर जिला पहुंचेंगे, जहां वे किसानों के साथ एक चर्चा में भाग लेंगे। राहुल गांधी 25 जनवरी को करुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे डिंडीगुल जिला भी जाएंगे, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी मदुरै निकल जाएंगे जहां से वे दिल्ली वापस लौट आएंगे।

राहुल गांधी के प्रचार अभियान की शुरुआत कोयंबटूर से करने के पीछे खास वजह यह है कि यह न सिर्फ एआईडीएमके का मजबूत गढ़ माना जाता है बल्कि केरल और कर्नाटक से भी लगा है। इसके अलावा, यह प्रदेश का एक बड़ा जिला और औद्योगिक केंद्र भी है।

कोयंबटूर से राहुल गांधी मदुरै जाएंगे। इस दौरान राहुल लगभग 200 किलोमीटर की बस यात्रा करेंगे और नुक्कड़ सभाओं, जन सभाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि में भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी महिलाओं के समूहों, युवाओं, बुनकरों, कारीगरों और स्थानीय उद्योग जगत के लोंगों से भी मुलाकात होगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...