कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरा है। उन्होंने ट्विटर के जरिए मोदी सरकार पर निशाना साधा है। रसोई गैस और डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दामों को लेकर उन्होंने ट्वीट किया है और पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर तंज कसा है।
एक सप्ताह में चौथी बार कीमतों में वृद्धि के बाद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों के अब तक की सर्वाधिक ऊंचाई पर पहुंचने के एक दिन बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर तंज कसा है।
राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा है, ” मोदी जी ने ‘GDP’ यानी गैस-डीज़ल-पेट्रोल के दामों में ज़बरदस्त विकास कर दिखाया है! जनता महँगाई से त्रस्त, मोदी सरकार टैक्स वसूली में मस्त।” राहुल ने ट्विटर पर एक अखबार का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है जिसमें तेल और गैस की बढ़ती कीमतों की तुलना की गई है।
मोदी जी ने ‘GDP’ यानी गैस-डीज़ल-पेट्रोल के दामों में ज़बरदस्त विकास कर दिखाया है!
जनता महँगाई से त्रस्त, मोदी सरकार टैक्स वसूली में मस्त। pic.twitter.com/FsiG8ECajk
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) January 24, 2021
आप को बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब राहुल गाँधी ने ट्विटर पर मोदी सरकार पर निशाना साधा हो। अभी कुछ दिन पहले ही राहुल गाँधी ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा था कि मोदी सरकार अपने सूट बूट वाले दोस्तों का 875000 करोड़ का कर्ज माफ़ कर अन्नदाताओं की पूंजी साफ़ करने में लगी है।
इसके अलावा राहुल गाँधी ने कल तमिलनाडु में लोगों के साथ एक मीटिंग में कहा था कि कांग्रेस की सरकार आने पर हम मौजूदा जीएसटी नियमों में भी बदलाव करेंगे और हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।
गौरतलब है कि कीमतों में वृद्धि के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 85.70 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 92.28 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। इसी प्रकार से दिल्ली में डीजल के दाम 75.88 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 82.66 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।