आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि, अर्थव्यवस्था में मंदी और कृषि कानून को लेकर किसानों के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस लगातार सरकार पर निशाना साध रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर हमलावर हुए।
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, “देश के किसानों ने मांगी मंडी। प्रधानमंत्री ने थमा दी भयानक मंदी।” रविवार को छत्तीसगढ़ के 20वें स्थापना दिवस पर राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान कानून पर दोबारा विचार करेंगे। राहुल गांधी ने कहा, ‘”मुझे विश्वास है कि पीएम मोदी इन तीनों कानूनों पर विचार करेंगे, जब किसानों का यह मानना है कि इन कानूनों से हमारी नींव कमजोर होगी।”

उन्होंने कहा, “अगर हम अपने नींव को कमजोर करेंगे, तो पूरी इमारत कमजारे हो जाएगी। जब हम किसानों और मजदूरों की रक्षा करते हैं तो हम इस देश की रक्षा करते हैं।” राहुल ने कहा कि सभी किसी को देश में किसानों की स्थिति पता है। उन्होंने कहा कि सभी को यह पढ़ने को मिल जाता है कि किसान ने आत्महत्या की है।
उन्होंने कहा, “मैंने बिहार रैली के दौरान अपने भाषण में कहा था कि मंडी और एमएसपी काफी महत्वपूर्ण स्थान है, क्योंकि वे किसानों और मजदूरों को बचाते हैं।” राहुल ने कहा, “इसलिए हम देश में इन तीनों कानूनों के विरुद्ध लड़ रहे हैं। पंजाब के विशेष विधानसभा सत्र में इसके खिलाफ निर्णय लिया गया है और हम छत्तीसगढ़ में भी इस कानून का विरोध करेंगे।”
आपको बता दें कि जब कृषि कानून संसद में पेश हुआ तो राहुल गांधी अपनी मां सोनिया के इलाज के लिए विदेश गए हुए थे। इस दौरान वो लगातार ट्विटर के जरिए मोदी सरकार पर निशाना साधते रहे। जब वो लौट कर आए तो कांग्रेस नेताओं के साथ किसानों के लिए सड़क पर उतरे। पंजाब में किसानों के हक के लिए कई रैलियों में उन्होंने खुद हिस्सा लिया था।
आप को बता दे कि बिहार में विधानसभा चुनाव का पहला चरण पूरा हो गया है, जबकि मंगलवार को दूसरे चरण का मतदान है। इस बार भी कांग्रेस और आरजेडी का गठबंधन है। ऐसे में राहुल गांधी भी बिहार चुनाव में जी जान से जुटे हैं। इस चुनाव में राहुल महंगाई, कृषि कानून, चीन सीमा विवाद, बेरोजगारी और अनियंत्रित कोरोना महामारी के जरिए एनडीए सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं।