रिपोर्ट: सत्यम दुबे
भदोही: देशभर में कोरोना वायरस की दूसरी लहर से लोग बेहाल हैं। जीवन रक्षक दवाईयों के साथ साथ ऑक्सीजन की कमीं भी देखने को मिल रही है। इस बीच राज्यों में ऑक्सीजन की आपूर्ति करने के लिए रेलवे भी आगे आया है। पिछले 16 दिनों में भारतीय रेलवे ने ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिए अब तक पूरे देश में 2,067 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन विभिन्न राज्यों को पहुंचाई है। इसमें सबसे ज्यादा दिल्ली को 707 मीट्रिक टन और उसके बाद उत्तर प्रदेश को 641 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई है। हर ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन में करीब 16 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन लदी होती है और ये ट्रेन करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं।
देश के कई राज्यों में ऑक्सीजन की कमीं लगातार हो रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भी ऑक्सीजन की मांग पूरी करने के प्रयास लगातार किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑक्सीजन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 नए ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने के निर्देश भी दिये हैं। गृह विभाग में बने कंट्रोल रूम के जरिए सूबे में ऑक्सीजन सप्लाई की मानीटरिंग की जा रही है।वहीं पूर्वांचल के कई जिलों में ऑक्सीजन की समस्या को दूर करने के लिए 40 मीट्रिक टन ऑक्सीजन मंगाई गई है। यह ऑक्सीजन भदोही समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों में सप्लाई होनी है ऑक्सीजन की बड़ी खेप के पहुंचने से कोविड के मरीजो को बड़ा लाभ मिलेगा।
माधोसिंह रेलवे स्टेशन पर ऑक्सीजन लेकर जब ट्रेन पहुंची तो पुलिस के द्वारा सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे पुलिस के साथ ही रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। बताया जाता है कि ऑक्सीजन की जो बड़ी खेप माधोसिंह रेलवे स्टेशन पर पहुंची है उसे टैंकर के माध्यम से अन्य जिलों के रिफलिंग प्लांटों पर भेजा जाएगा। मौके पर पहुंचे प्रशासन के अधिकारियों ने जानकारी दी है की 40 मैट्रिक टन ऑक्सीजन में 20 मीट्रिक टन ऑक्सीजन वाराणसी ,10 मीट्रिक भदोही मिर्जापुर ,10 मीट्रिक टन आजमगढ़ भेजी जानी है।