1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. प्रियंका गांधी का बीजेपी पर हमला, कहा- सरकार को किसानों की आवाज़ सुननी चाहिए

प्रियंका गांधी का बीजेपी पर हमला, कहा- सरकार को किसानों की आवाज़ सुननी चाहिए

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
प्रियंका गांधी का बीजेपी पर हमला, कहा- सरकार को किसानों की आवाज़ सुननी चाहिए

कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार और किसानों के बीच में गतिरोध जारी है। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हजारों किसान कड़ाके की सर्दी के बावजूद अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। किसान एक महीने से अधिक समय पहले सिंघू बॉर्डर पहुंचे थे।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी के स्थापना दिवस से ठीक एक दिन पहले अपनी व्यक्तिगत यात्रा पर विदेश चले गए हैं। किसान आंदोलन के बीच इस तरह राहुल गांधी के विदेश जाने पर कई सवाल उठाए जा रहे हैं।

राहुल की अनुपस्थिति में उनकी बहन और कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रियंका गांधी ने सोमवार को मोदी सरकार पर किसान आंदोलन को लेकर बड़ा हमला बोला।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि सरकार को किसानों की आवाज़ सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रदर्शन तो राजनीतिक साजिश कहना सरासर गलत है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ”सरकार को किसानों की आवाज़ सुननी चाहिए। ये कहना कि ये राजनीतिक साजिश है ये एकदम गलत है। जिस तरह के लफ़्ज ये किसानों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं ये पाप है। किसानों से बात करनी चाहिए और कानून वापस लेने चाहिए।”

बता दें कि दिल्ली की सीमाओं पर किसान आंदोलन का आज 33 वां दिन है। किसान कड़ाके की सर्दी के बावजूद अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शन कर रहे किसानों के संगठनों ने शनिवार को केंद्र सरकार के साथ बातचीत फिर शुरू करने का फैसला किया था।

आप को बता दे कि अगले चरण की बातचीत के लिए 29 दिसंबर की तारीख का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने यह भी निर्णय लिया था कि 30 दिसंबर को कुंडली-मानेसर-पलवल राजमार्ग पर ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा।

दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी है और सिंघू, गाजीपुर और टिकरी बॉर्डर पर सैकड़ों सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। इन्हीं सीमाओं पर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन की वजह से यातायात प्रभावित हुआ है जिस वजह से पुलिस को गाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन करना पड़ा है।

इस ही के साथ आप को बता दे कि राहुल गांधी की अनुपस्थिति के बावजूद सोमवार सुबह कांग्रेस पार्टी के दिल्ली स्थित मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराया गया। वरिष्ठ पार्टी नेता ए के एंटनी ने पार्टी का झंडा फहराया और उस समय वहां पर राहुल गांधी की बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी तथा कई वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी ने भी पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है, अपने एक वीडियो संदेश में सोनिया गांधी ने कहा, “सभी प्यारे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कांग्रेस स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आजादी की लड़ाई से लेकर अब तक इस सफर में कांग्रेस ने देश प्रेम, निडरता, बगैर स्वार्थ जनसेवा, भाईचारा, एकता और अखंडता जैसे मूल्यों के लिये ही संघर्ष किया।”

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...