हाथरस पीड़िता के लिए उत्तर प्रदेश की महासचिव प्रियंका गांधी की प्रार्थना सभा
हाथरस में 19 वर्षीय युवती के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के बाद देशभर में आक्रोश है। लोग सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दलो और सामाजिक संगठनों ने उत्तर प्रदेश सरकार की लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमलावर हैं।
गुरुवार को हाथरस के लिए रवाना हुईं प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी को यूपी पुलिस ने बीच रास्ते ही रोक लिया जिसके बाद मामले ने राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है।
इस बीच शुक्रवार को कांग्रेस नेता और उत्तर प्रदेश की महासचिव प्रियंका गांधी दिल्ली में पंचकुइन्या रोड स्थित वाल्मीकि मंदिर में हाथरस पीड़िता के लिए रखी गई प्रार्थना सभा में पहुंची। प्रार्थना सभा में पहुंची प्रियंका गांधी की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं जिसमें वह मंदिर में पूजा-अर्चना करती नजर आ रही हैं।
इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि हम अन्याय के खिलाफ लड़ते रहेंगे, इंसाफ मिलने तक शांत नहीं बैठेंगे। कांग्रेस नेता ने यूपी सरकार पर निशना साधते हुए पूछा कि रात के समय अंतिम संस्कार करने की परंपरा कहां है।
बता दें कि गुरुवार को प्रियंका और राहुल गांधी हाथरस के लिए रवाना हुए थे लेकिन उनके काफिले को एक्सप्रेसवे पर ही रोक दिया गया।