MP News : कटनी जिले में आदिवासी भूमि और शासकीय निस्तारी नाले पर कथित अतिक्रमण का मामला अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ. ए.के. खान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने ग्राम इमलिया और पड़खुरा क्षेत्र में आदिवासियों के नाम दर्ज भूमि तथा शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज निस्तारी नाले पर कथित रूप से अतिक्रमण कर पक्के निर्माण कर लिए हैं। पार्टी का दावा है कि इससे आदिवासी परिवारों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं और प्राकृतिक जल निकासी भी बाधित हो रही है।

समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा शासकीय भूमि और निस्तारी नाले को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। पार्टी का कहना है कि जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सपा जिला अध्यक्ष डॉ. ए.के. खान ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी आदिवासी समुदाय के समर्थन में सड़क पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
रिपोर्ट : अमित नायक