उज्जैनः बड़नगर में शादी वाले घर में उस समय हंगामा मच गया जब बारात का स्वागत होने से पहले पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद दूल्हा बिना शादी करे ही मौके से फरार हो गया।
पूरा मामला शिक्षक कॉलोनी में रहने वाले अभिषेक सेन की शादी का है। जहां उसकी शादी रतलाम जिले के बिलपाक थाना क्षेत्र में रहने वाली एक लड़की से बुधवार रात को होने जा रही थी। रात करीब 8 बजे दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर दुल्हन के घर बारात लेकर निकल भी चुका था। इस दौरान बड़नगर पुलिस ने दुल्हन के माता पिता और भाई से सम्पर्क कर बताया कि जिस लड़के से आप लड़की की शादी करने जा रहे हैं, उस पर बड़नगर थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज हो रहा है। इसके बाद शादी वाले घर हंगामा मच गया और लड़के वालों से बातचीत कर शादी को रोक दिया गया।
बड़नगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि इस शादी को एक 15 वर्षीय नाबालिग की शिकायत पर रुकवाया गया था। नाबालिग पीड़िता और आरोपी दूल्हा अभिषेक सेन एक ही कॉलोनी में रहते है। पीड़िता ने 6 अप्रैल को एसिड पीकर अपनी जान देने की कोशिश की थी। वो बड़नगर के निजी अस्पताल में भर्ती थी, 8 अप्रैल की रात को पीड़िता के माता पिता को डॉक्टरों ने लड़की के गर्भवती होने की जानकारी दी। इसके बाद उसने पूरी घटना बताई। जिसके बाद 9 अप्रैल की रात को पुलिस को खबर दी गई।
पीड़ित लड़की ने पुलिस को बताया कि अभिषेक का उसके घर आना जाना था। 5 जनवरी को वो मेरे घर आया उस दौरान में अकेली थी। उसने मुझे धमकी देकर मेरे साथ गलत काम किया और किसी को भी बताने से मना किया। आरोपी अभिषेक सेन अब शादी करने जा रहा था। जिसके कारण उसने एसिड पीकर जान देने की कोशिश भी की थी।
लड़की के बयान के बाद पुलिस ने एफआइआर लिखने से पहले ही फोन लगवाकर शादी को रुकवा दिया। टीआई पाटीदार ने बताया कि रतलाम पहुंचने से पहले ही दूल्हा अभिषेक फरार हो गया था। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
उज्जैन से संवादाता प्रियंक की रिपोर्ट