जबलपुर के गोरखपुर थाना अंतर्गत रामपुर चौकी में पुलिस का एक अमानवीय चेहरा सामने आया है। अमरनाथ यात्रा के रजिस्ट्रेशन के लिए पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे एक युवक, गौरव को पुलिसकर्मियों ने बेरहमी से पीट दिया था।
इस मामले पर संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और गोरखपुर थाना प्रभारी मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। शर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिसकर्मियों द्वारा अनावश्यक मारपीट की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ कड़ी विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में पुलिस के इस व्यवहार को लेकर भारी आक्रोश है और वे दोषियों को तुरंत सस्पेंड करने की मांग कर रहे हैं। गौरव का कसूर सिर्फ इतना था कि वह लाइन में लगने का प्रयास कर रहा था, जिसे लेकर पुलिसकर्मियों से उसकी बहस हो गई। इसके बाद पुलिस उसे खींचकर चौकी ले गई और वहां उसे इस कदर पीटा गया कि उसके शरीर पर नीले निशान और गहरे जख्म उभर आए हैं। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जबलपुर से संवाददाता दिनेश चौधरी की रिपोर्ट