रिपोर्ट: नंदनी तोदी
लखनऊ: केंद्र के कृषि कानून को लेकर दिल्ली बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन जारी है। इस प्रदर्शन का समर्थन न केवल कई बड़े नेता बल्कि विदेशी सेलेब्स भी कर रहे है। इसी को लेकर पीएम मोदी के छोटे भाई ने भी अपनी नाराज़गी जताई है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद दामोदर दास मोदी गुरुवार को अयोध्या पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन में इंटरनेशनल सपोर्ट करने वालो पर अपनी नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा,”विदेशी कलाकारों व अदाकारों का मकसद सिर्फ मोदी सरकार की छवि दुनिया में बिगाड़ने की है। लेकिन इसका असर देश में पड़ने वाला नहीं है। केंद्र सरकार व किसानों के बीच वार्ता से ही इसका हल निकलेगा।”
उन्होंने आगे कहा,” विदेशी कलाकारों को छोड़ दीजिए, देश में ही रहकर तमाम ऐसे दुश्मन हैं जो किसान आंदोलन को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं, जिनका वास्ता कभी खेतीबाड़ी से नहीं रहा है। वे लोग कभी खेत नहीं गए। लेकिन ऐसे लोग देश की छवि दुनिया में बिगाड़ने के लिए सोशल मीडिया पर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री देश के 132 करोड़ देशवासियों की पसंद है।
आपको बता दें, अमेरिकी पॉप स्टार रिहाना, एक्टिविस्ट ग्रेटा थनर्ग, अमेरिकन एक्ट्रेस अमांडा कर्नी, पोर्न स्टार मिया खलीफा और अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भतीजी, वकील और लेखिका मीना हैरिस ने सोशल मीडिया पर आंदोलन को लेकर अपना समर्थन दिया था. जिसके बाद भारतीय नेताओं और अभिनेताओं ने जमकर पलटवार किया और किसी भी प्रोपेगंडा में विश्वास न रखने की अपील की।